पौड़ी , जून, 24 -- उत्तराखंड में पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को तेज करते हुए आपूर्ति विभाग की टीमों ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी की। अभियान के दौरान 180 होटल, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें 23 घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग पाए जाने पर 43 हजार 800 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई तथा चार सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में 17 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान छह घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 13 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, कोटद्वार क्षेत्र में तीन गैस एजेंसियों और 25 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में पांच सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 11 हजार 500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
श्रीनगर क्षेत्र में 14 होटल और ढाबों की जांच के दौरान पांच घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग सामने आया। इनमें एक सिलेंडर पर 2,300 रुपये का चालान किया गया, जबकि चार सिलेंडर जब्त कर लिए गए। सतपुली-अमोठा क्षेत्र में एक गैस एजेंसी सहित 11 प्रतिष्ठानों की जांच में एक सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बेदीखाल क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान छह घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 13 हजार 800 रुपये की कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त घुड़दौड़ी, कोट, पाबौ, लक्ष्मणझूला, चैलूसैंण, चौबट्टाखाल, नौगांवखाल, उफरैंखाल, त्रिपालीसैंण और लैन्सडाउन क्षेत्रों में भी होटल, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत कुल सात गैस एजेंसियों की भी जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निर्धारित श्रेणी के गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित