पटना , मार्च 12 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के लिये जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर- 0612-2219810 जारी की गई है, जिस पर उपभोक्ता सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक सूचना, शिकायत या जानकारी दे सकते हैं, जिस पर जिला प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगी।

इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने बताया कि प्रखंड स्तर पर शिकायतों के निवारण और गैस जमाखोरी की रोकथाम के लिये 28 धावा दल का गठन किया गया है। गैस एजेंसियों पर निगरानी के लिये फोर्स और मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। साथ ही एलपीजी एजेंसी क्षेत्रों को सेक्टर, जोनल और सुपर जोनल में विभाजित कर संबंधित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी गैस कंपनियों तथा डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पैनिक बुकिंग न करें। प्रशासन स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है और ब्लैकमार्केटिंग और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित