मुंबई , जुलाई 12 -- महाराष्ट्र पुलिस ने शिवसेना (यूटीबी) के पूर्व सांसद विनायक राउत, उनके पुत्र गीतेश राउत और पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला राउत की बहू की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें उन्होंने घरेलू उत्पीड़न और काले जादू का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि इस सिलसिले में कपूरबावड़ी पुलिस ने सिंधुदुर्ग जिले के कुडल से कथित तांत्रिक फ़िरोज़ शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि उसे सोमवार को ठाणे की अदालत में पेश किया जाएगा। यह मामला गीतेश राउत की पत्नी गिरिजा राउत की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पुलिस ने मानव बलि, अमानवीय और अघोरी प्रथाओं तथा काले जादू के खिलाफ महाराष्ट्र कानून के प्रावधानों और अन्य संबंधित धाराओं के तहत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरिजा ने आरोप लगाया कि 2017 में गीतेश से शादी के बाद उन्हें लगातार मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि 2018 से उनके और उनके पति के बीच कोई वैवाहिक संबंध नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित