श्रीगंगानगर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में घमूडवाली थाना के प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजेंद्र चारण को निलंबित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीणों तथा किसानों ने थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया।

धरना स्थल पर आयोजित सभा को अखिल भारतीय किसान सभा तथा माकपा के अनेक नेताओं ने संबोधित किया। धरना स्थल पर श्रीकरणपुर सर्किल के डीएसपी पुष्पेंद्रसिंह बातचीत करने के लिए पहुंचे। बातचीत में धरनार्थियों ने असंतुष्टि जाहिर करते हुए आगे के आंदोलन की घोषणा कर दी।

किसान सभा के जिला महासचिव रवींद्र तरखान ने आज देर शाम बताया कि धरना स्थल पर दोपहर बाद की गई बैठक में निर्णय लिया गया कि अब थाने के सामने धरना निरंतर जारी रहेगा तथा 17 अप्रैल को घमूढवाली से लोग श्रीगंगानगर के लिए पैदल कूच करेंगे। अगले दिन 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ऑफिस के सामने पुलिस महानिदेशक का पुतला जलाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित