हरिद्वार, जनवरी 30 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार मार्ग पर जगजीतपुर से लक्सर की ओर जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास उस समय हुई, जब इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी बेहद कम थी। कोहरे के कारण कार चालक को सड़क किनारे खड़ा डंपर दिखाई नहीं दिया, जिससे तेज रफ्तार कार सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से लक्सर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित