रायबरेली , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। बहाई चौकी के पास करीब आठ बजे ट्रक और डम्फर की टक्कर में ट्रक सवार होमगार्ड रामनाथ यादव (निवासी खीरो) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक का पैर कट गया और क्लीनर को हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार डलमऊ की ओर से मोरंग लदा डम्फर आ रहा था, जिसका टायर फटने के बाद चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला लदा तेज रफ्तार ट्रक घने कोहरे के कारण डम्फर को नहीं देख सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन डम्फर में घुस गया।

घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार को बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित