श्रीगानगर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के घड़साना क्षेत्र में सिंचाई पानी की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन में सोमवार को भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर में सरकार से वार्ता विफल होने के बाद किसानों ने घड़साना से पैदल मार्च शुरू किया और सूरतगढ़ क्षेत्र के बिरधवाल हैड की ओर बढ़े। राजियासर थाना क्षेत्र में 330 आरडी गोपालसर चौराहे से बिरधवाल तक पुलिस का भारी जाप्ता तैनात था। जगह-जगह रोकने की कोशिश हुई, लेकिन किसान पुलिस से झड़प करते हुए आगे बढ़ते रहे।
सूत्रों ने बताया कि बिरधवाल हैड से करीब दो किलोमीटर पहले पुलिस ने भारी बल लगाकर काफिले को रोक दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रोकने के बाद छह किसानों को हिरासत में लेकर सूरतगढ़ सिटी थाना ले जाया गया। बाकी किसान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और पूरी रात वहीं बिताई।
इस दौरान यातायात भी प्रभावित रहा। आज पुलिस ने इन छह किसानों को उपखंड कार्यालय में पेश किया, जहां उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। सुबह बिरधवाल हैड के पास प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता हुई। समझाने के बाद किसानों ने एकबारगी धरना समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया।
किसानों का कहना है कि वे अब घड़साना स्थित धरना स्थल पर लौटकर आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेंगे। फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन पानी की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित