डेराबस्सी , अगस्त 29 -- पंजाब के डेराबस्सी में केंद्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर डॉ. प्रदीप्ता कुमार नायक ने शनिवार को डेराबस्सी के समीप स्थित घग्गर कुष्ठ आश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे कुष्ठ रोग से पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।

डॉ. नायक ने मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों, रहने-सहने तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग से पीड़ित लोगों के मानवाधिकारों की रक्षा करना और उन्हें समाज में समान अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकारी सुविधाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया।

स्पेशल मॉनिटर ने आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों से कुष्ठ रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने जिले में कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार और रोकथाम के लिए चल रही गतिविधियों से भी उन्हें अवगत कराया।

डॉ. नायक ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कुष्ठ रोगियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।

इस अवसर पर कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. गिरीश डोगरा, एसएमओ डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिला लेप्रोसी अधिकारी डॉ. जयती बत्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित