पौढ़ी गढ़वाल ( वार्ता) उत्तराखंड में गढ़वाल सांसद खेल महोत्सव का गुरुवार को गढ़वाल मण्डल के मुख्यालय पौड़ी में भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर गढ़वाल सांसद और भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने सभी विजेता और उपविजेताओं को मैडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर उत्तराखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र ने खेलों में अभूतपूर्व भागीदारी दर्ज की है, जहां 13,500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया जो सुदूर पहाड़ के लिए एक रिकॉर्ड है।

भाजपा सांसद ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का खेलों को लेकर एक अलग और दूरदर्शी विजन है। उन्होंने कहा है कि आने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में भारत की मजबूत भागीदारी होगी और जिस तरह से ओलंपिक की बिल्डिंग तैयार की गई है, उससे यह स्पष्ट होता है कि सौभाग्य से ओलंपिक खेल का आयोजन भी भारत को मिलने वाले हैं। इसलिए यहां बैठे बच्चों को अभी से कॉमनवेल्थ खेलों और आने वाले ओलंपिक खेलों की तैयारी करनी चाहिए।

श्री बलूनी ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा में खेलों के विकास के लिए सभी आवश्यक कार्य किए जाएंगे। गढ़वाल सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन स्वयं केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुखभाई मांडविया ने किया था और उन्होंने यहाँ स्पोर्ट्स इंफ़्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए कई बातें भी कही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित