भोपाल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्वालियर सड़क हादसे में 16 लोगों की मौत को प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताते हुए मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के उपचार का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की मांग की है।

पटवारी आज भोपाल स्थित एम्स पहुंचे और हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी चर्चा की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरा दुख दिया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। प्रदेश में लगातार हो रही दुर्घटनाएं पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा जवाबदेही पर सवाल खड़े करती हैं। सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाह लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

पटवारी ने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसे, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, सागर के शराब कांड, ग्वालियर सड़क हादसे और बैतूल में खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित उपचार और पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल हादसे के बाद सहायता राशि घोषित करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इसके लिए सड़क सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की जरूरत है। इस अवसर पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित