ग्वालियर , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार से शुरु हो रही चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 (जोन ए और बी) में देश की बेहतरीन जूनियर महिला हॉकी अकादमियां हिस्सा लेंगी। तीन अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के दोनों पूल की शीर्ष टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

11 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिए कुल 12 अकादमी टीमों को छह-छह टीमों के दो पूल में बांटा गया है। लीग स्टेज के दौरान हर टीम अपने पूल की दूसरी टीमों के साथ खेलेगी। हर पूल की टॉप दो टीमें सेमी-फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करेंगी, जो 2 अगस्त को होंगे। इसके बाद तीन अगस्त को तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ और फाइन मैच खेले जाएंगे।

पूल ए में राजा करण हॉकी अकादमी, खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ गुजरात - हॉकी अकादमी, हॉकी फ़ैमिली बड़खालसा एनसीआर हॉकी सोसाइटी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी और प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत शामिल हैं।

पूल बी में रितु रानी हॉकी अकादमी, वादिपट्टी राजा हॉकी अकादमी, भाई बहलो हॉकी अकादमी भगता, मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन, अड्यार हॉकी अकादमी और मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी शामिल हैं।

टूर्नामेंट पूल स्टेज के दौरान लीग फ़ॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें जीत पर तीन पॉइंट, ड्रॉ पर एक पॉइंट और हार पर कोई पॉइंट नहीं मिलेगा। जिन क्लासिफ़िकेशन मैचों में विजेता का फैसला होना जरूरी है, उनमें टाई होने पर एफआईएच टूर्नामेंट नियमों के अनुसार शूट-आउट से विजेता तय किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित