भोपाल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित महिला हॉकी अकादमी में 24 जुलाई से हॉकी इंडिया की चौथी जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप और चौथी सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं में देशभर की 28 अकादमी टीमें भाग लेंगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन और हॉकी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 24 जुलाई से तीन अगस्त तक आयोजित होगी। इसमें देश की 12 हॉकी अकादमियां भाग लेंगी। प्रतियोगिता में मेजबान मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी सहित पंजाब, हरियाणा, गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की अकादमियां राष्ट्रीय खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

इसके बाद 26 जुलाई से तीन अगस्त तक चौथी सब-जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर की 16 अकादमियां हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।

आयोजकों के अनुसार दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 28 टीमें भाग लेंगी और मुकाबले हॉकी इंडिया के निर्धारित लीग तथा नॉकआउट प्रारूप के अनुसार खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान देशभर से चयनकर्ता, प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा सुविधा और तकनीकी संचालन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने का दावा किया है। विभाग के अनुसार यह आयोजन महिला हॉकी को बढ़ावा देने के साथ-साथ उभरती खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर उपलब्ध कराएगा तथा मध्यप्रदेश को खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में और सुदृढ़ करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित