ग्वालियर , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जीवनसाथी एप पर दोस्ती और शादी का झांसा देने और युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी को दस दिन की मशक्कत के बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस ने गोहद से दबोच लिया।

आरोपी की तलाश में पुलिस ने दो दिन तक इलाके में सिविल ड्रेस में पहरा दिया। पुलिस की इस गोपनीय घेराबंदी के बाद आरोपी को पकड़ा। युवती ने आरोपी पर अपनी शादीशुदा होने की बात छिपाने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप लगाए थे।

पुलिस के मुताबिक, इटावा निवासी 31 वर्षीय युवती की वर्ष 2023 में जीवनसाथी एप के जरिए प्रदीप उर्फ दीपक मिश्रा से पहचान हुई थी। दोनों के बीच फोन और वाट्सऐप पर बातचीत शुरू हो गई। प्रदीप ने खुद को कुंवारा बताकर शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद अप्रैल 2025 में उसे उरवाई गेट स्थित अपने दोस्त के किराये के कमरे पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद में भी वह उसे कमरे और होटल में बुलाकर उसका शोषण करता रहा।

युवती के मुताबिक, आरोपी जब उसके माता-पिता से मिलने पहुंचा तो परिजनों को उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज प्रदीप ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया और खुद को गैंगस्टर बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की धमकियों के कारण वह इतनी डर गई थी कि कॉलेज जाना भी बंद कर दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बहोड़ापुर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। गोहद में उसकी मौजूदगी का पता चलने के बाद पुलिस टीम ने सिविल ड्रेस में रहकर दो दिन तक निगरानी की। मौका मिलते ही टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित