ग्वालियर , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर के उपनगर मुरार में एक निजी अस्पताल में कार्यरत लैब टेक्नीशियन के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने आरटीओ ई-चालान के नाम से एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का डेटा चोरी किया और उसके खाते से करीब 6.56 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस के अनुसार घटना मुरार थाना क्षेत्र के काशीपुरा इलाके की है। जांच में सामने आया है कि ठगी की पूरी रकम हरियाणा के पानीपत निवासी विशाल कुमार के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। पुलिस को आशंका है कि यह खाता म्यूल अकाउंट हो सकता है, जिसे किराये पर लेकर ठगों ने रकम ट्रांसफर कराई। मामले की गहन जांच के लिए मुरार पुलिस की एक टीम पानीपत रवाना हो गई है।
पीड़ित शिवनारायण धाकड़, जो वर्षा कॉन्वेंट स्कूल के पास रहते हैं और एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं, ने बताया कि जनवरी में उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल आई थी। उन्होंने इसे डाउनलोड कर लिया, लेकिन बाद में बेटे ने इसे फर्जी बताया। करीब 20 दिन तक कोई गतिविधि नहीं हुई, लेकिन हाल ही में उनके खाते से 90 हजार रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया।
बैंक जांच में पता चला कि ठगों ने उनके खाते से 90 हजार रुपये ट्रांसफर करने के अलावा 5 लाख रुपये का ऑनलाइन जम्बो लोन और क्रेडिट कार्ड के जरिए 66 हजार रुपये से अधिक का इंस्टेंट लोन भी ले लिया। इस जानकारी से पीड़ित के होश उड़ गए। मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब इस खाते के जरिए ठगों तक पहुंचने की चेन तैयार कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित