ग्वालियर , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नाले से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एबी रोड स्थित बिजलीघर के पास नाले में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी गई है। उसने हरे रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ अन्य जिलों को भी सूचना भेजी है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवक नशे की हालत में नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित