ग्वालियर , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साइबर ठगों ने शहर के दो बुजुर्गों को निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से करीब 4 लाख 35 हजार रुपये निकाल लिए। एक मामले में सेवानिवृत्त पुस्तकालय अध्यक्ष के दो बैंक खातों से 2 लाख 35 हजार 754 रुपये और दूसरे मामले में 74 वर्षीय बुजुर्ग के दो खातों से करीब 1 लाख 99 हजार 222 रुपये निकाले गए।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गुलमोहर सिटी निवासी अनिल कुमार शर्मा (67) फिजिकल कॉलेज से पुस्तकालय अध्यक्ष के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि चार जुलाई को यूनियन बैंक का खाता मोबाइल पर देखने पर उसमें 14 हजार 999, 14 हजार 999, 14 हजार 999 और 6 हजार 999 रुपये के चार संदिग्ध लेन-देन मिले। उन्होंने तत्काल खाता ब्लॉक कराया।
इसके बाद छह जुलाई को एसबीआई खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि चार जुलाई को खाते से 49 हजार 758, 33 हजार 300, 30 हजार, 15 हजार, 39 हजार 700 और 16 हजार रुपये के छह लेन-देन हुए थे। इस खाते से कुल 1 लाख 83 हजार 758 रुपये और यूनियन बैंक खाते से 51 हजार 996 रुपये निकाले गए। दोनों खातों से कुल 2 लाख 35 हजार 754 रुपये की साइबर ठगी हुई।
दूसरे मामले में लाल टिपारा मुरार निवासी रामसिंह बघेल (74) को 20 अगस्त की शाम साइबर ठग ने एसबीआई अधिकारी बनकर फोन किया। आरोपी ने पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर वाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसमें जानकारी भरने को कहा। इसके बाद बताए गए तरीके से कोड नंबर दर्ज करने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने के संदेश आए।
संदेह होने पर रामसिंह अगले दिन बैंक पहुंचे और दोनों खातों का स्टेटमेंट निकलवाया। इसमें एसबीआई के एक खाते से 49 हजार 807, 49 हजार 807 और एक रुपये तथा दूसरे खाते से 49 हजार 803, 49 हजार 803 और एक रुपये निकाले जाने का पता चला। दोनों खातों से कुल 1 लाख 99 हजार 222 रुपये निकाले गए। पुलिस ने रामसिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित