ग्वालियर , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में चोरी का आरोपी को हाथ में चोट लगने का इलाज कराने दौरान फरार हो गया। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित लोट्स विला में शनिवार की तड़के की है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी विश्वविद्यालय रवि भदौरिया ने बताया कि छतरपुर पुलिस में पदस्थ आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संदीप चोरी के आरोप में पकड़े गए बंदी सन्नी पाल पुत्र वीरेन्द्र पाल उम्र तीस साल निवासी उत्तराखण्ड के हाथ में चोट होने के कारण ग्वालियर जांच के लिए लेकर आए थे। तड़के चार बजे जवान उसे लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे,लेकिन रात का समय होने पर डॉक्टर नहीं थे और उन्हें सुबह लेकर आने को बताया था।
शुभम शर्मा के भाई गौरव शर्मा लोटस विला में फ्लैट लेकर रहते है। जवान बंदी को लेकर गौरव के फ्लैट पर पहुंचे और उसे हथकड़ी लगाकर कुछ देर आराम करने की कहकर वह सो गए।
सुबह करीब सात बजे उनकी आंख खुली तो उनके पैरों तले जमीन निकल गई, क्योंकि सन्नी पाल वहां से हथकड़ी सहित गायब था, इसका पता चलते ही उनके होश उड़ गए। तुरंत ही वह उसकी तलाश में जुटे, लेकिन उसका पता नहीं चला तो अफसरों को जानकारी देकर विश्वविद्यालय थाने पहुंचे। मामले का पता चलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस भी उनकी तलाश में जुट गइ है।
पुलिस को एक वीडियों भी मिला है। जिसमें आरोपी होटल में खाना खाते हुए कैद हुआ है। अफसरों का कहना है कि बंदी को जवानों को नजदीकी थाने में रखना चाहिए था, लेकिन वह पहरा ड्यूटी न करनी पड़े, इसलिए अपने रिश्तेदार के फ्लैट पर लेकर पहुंचे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित