ग्वालियर , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पंजाब नेशनल बैंक की अचलेश्वर शाखा से अकाउंट-पे चेक चोरी कर रकम निकालने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने हरियाणा की कैथल जेल से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील रंधावा को प्रोटेक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले में 25 नवंबर 2025 को सरस्वती शिशु मंदिर की प्राचार्य कल्पना सिकरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूल का एक लाख रुपए का अकाउंट-पे चेक चोरी कर नकद राशि निकाल ली गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 4 फरवरी 2026 को अमृतसर निवासी रजनीश चौहान को गिरफ्तार किया था, जो बैंक में चेक लगाकर राशि निकालने गया था। पुलिस ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में 50 हजार रुपए से अधिक की निकासी पर दर्ज आधार नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि जम्मू निवासी सुनील रंधावा गिरोह का सरगना है। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो वह कैथल जेल में बंद मिला, जहां से उसे प्रोटेक्शन वारंट पर लाया गया। आरोपी बैंक के ड्रॉप बॉक्स से चेक निकालकर अकाउंट-पे की लाइन मिटा देता था और उसे बेयरर बनाकर काउंटर से नकद भुगतान ले लेता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील रंधावा अमृतसर से रजनीश चौहान को साथ लेकर ग्वालियर आया था। 18 नवंबर 2025 को चेक चोरी किया गया और अगले दिन 19 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा से राशि निकाल ली गई। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित