ग्वालियर , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दो भाइयों और एक बहन द्वारा तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने की घटना सामने आई, जिसमें एक भाई की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य भाई का शव घर में मिला है।
पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। तालाब में कूदे इदरीश खान और यास्मीन को मौके पर मौजूद लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सोनू खान की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, जांच के दौरान पुलिस को घर में रहीस खान का शव मिला।
चारों भाई-बहन माधौगंज थाना क्षेत्र के आपागंज गड्ढा वाला मोहल्ला निवासी हैं। इनके पिता अब्दुल रशीद शासकीय प्रेस में कार्यरत थे। इदरीश खान (43) सबसे बड़े, रहीस (40), यास्मीन उर्फ सायना (38) और सोनू (35) थे।
प्रारंभिक पूछताछ में इदरीश ने घटना के स्पष्ट कारण नहीं बताए, लेकिन उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। उसने बताया कि वह और उसके भाई-बहन मरने के इरादे से गए थे और पूर्व में पैसे जलाने की भी बात कही।
इदरीश ने आरोप लगाया कि रिश्तेदारों और आसपास के लोगों के कारण उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई और उसके भाई को उचित उपचार नहीं मिला। उसने चिकित्सकों पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
बहोड़ापुर थाने के एएसआई ने बताया कि सोनू की मृत्यु फेफड़ों में पानी भरने के कारण हुई है। अन्य पहलुओं की जांच जारी है और मेडिकल परीक्षण के बाद ही इदरीश की मानसिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित