ग्वालियर , मार्च 25 -- शहर के खुर्जेवाला मोहल्ला स्थित राजश्री अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर में बने केमिकल गोदाम में बुधवार सुबह लगभग 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें देखते ही देखते पहली मंजिल तक पहुंच गईं, जिससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोग घबरा गए और छतों के रास्ते दूसरी इमारतों पर कूदकर अपनी जान बचाई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और अपार्टमेंट में रह रहे परिवारों का रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोदाम में पेंट, सेनेटाइजर और दवाइयों सहित अन्य केमिकल सामग्री रखी थी। आग सर्जिकल सामान के कारण तेजी से भड़क गई और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपार्टमेंट को खाली कराया तथा घरों में रखे गैस सिलेंडर और गोदाम में रखे स्याही के ड्रम बाहर निकाले।

दमकल विभाग की टीम ने कई गाड़ियों से पानी और केमिकल फोम का उपयोग कर आग पर काबू पाया। संकरी गली होने के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, लेकिन समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और कलेक्टर रुचिका चौहान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।

कलेक्टर ने कहा कि यदि जांच में गोदाम संचालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपार्टमेंट में रहने वाले लगभग 20 परिवारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित