ग्वालियर , मई 23 -- मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा सरकारी भर्ती परीक्षाओं में 'वन टाइम फीस' (ओटीएफ) लागू करने की मांग को लेकर 17 जून को ग्वालियर में 'रन फॉर ओटीएफ' मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं पर परीक्षा शुल्क के भारी आर्थिक बोझ को कम करना हैयह मैराथन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा का वादा याद दिलाने को लेकर यहां मेला मैदान के राजबाग मैरिज गार्डन से मैराथन का आयोजन किया जायेगा।

भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं असम युवा कांग्रेस के प्रभारी मितेन्द्र दर्शन सिंह ने उक्त जानकारी शनिवार को पत्रकारों को देते हुये बताया कि 2023 में विधानसभा के आम चुनावों में राजस्थान की तर्ज पर तत्कालीन मुख्यमंत्री चौहान ने भाजपा के संकल्प पत्र में वादा किया था कि सरकार आने पर वह बेरोजगार युवाओं को फीस एक परीक्षा अनेक की व्यवस्था के तहत शामिल करेगी जिससे एक बार फीस लेकर वर्ष भर में होने वाली सभी सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं को युवा दे सकें।

उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने यह व्यवस्था अपने यहां लागू कर रखी है । उसके बाद भाजपा की भजनलाल सरकार ने भी उसे जारी रखा है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर युवक कांग्रेस 17 जून को मैराथन आयोजित करेगी। यह मैराथन मेला मैदान से शुरू होकर गोला का मंदिर बिरला नगर पुल तानसेन रोड पडाव होते हुये फूलबाग मैदान पर समाप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित