ग्वालियर , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित न्यू साकेत नगर में एक ही परिवार के तीन बेटों की एक वर्ष के भीतर मौत होने से परिवार गहरे सदमे में है। ताजा घटना में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार नीरज धानुक पुत्र मोहन धानुक बीती रात बाजार से घर लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी रूपाली जब कमरे में पहुंची तो उसने नीरज को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि यह परिवार पिछले एक वर्ष से लगातार दुखद घटनाओं का सामना कर रहा है। करीब एक वर्ष पूर्व बड़े बेटे धर्मेन्द्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसका शव जनकगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज इलाके में मिला था।

वही इसके बाद लगभग 20 दिन पूर्व छोटे बेटे अमर सिंह ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार तीन बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मृतकों की पत्नियों और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, वहीं माता-पिता भी गहरे सदमे में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित