ग्वालियर , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 24 से 27 अक्टूबर तक 21वां आईटीएम अंतरराष्ट्रीय उद्भव उत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। 'प्रमोटिंग ग्लोबल यूनिटी थ्रू कल्चर' थीम पर होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में देश-विदेश के कलाकार अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। उत्सव का उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे जीवाजी क्लब में होगा।

आयोजकों के अनुसार, उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि ग्वालियर की महापौर शोभा सिकरवार होंगी, जबकि भारत में मंगोलिया के राजदूत उलजीत लवसेनजात समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हिमालय कल्चरल फाउंडेशन के अध्यक्ष एल.पी. पोंटसेंग सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और अन्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।

उत्सव के शुभारंभ पर 24 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे डॉ. भगवत सहाय सभागार परिसर से जीवाजी क्लब तक सांस्कृतिक कार्निवल निकाला जाएगा। इसमें देश-विदेश के एक हजार से अधिक कलाकार पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विविधता में एकता का संदेश देंगे। कार्निवल में पुलिस बैंड भी शामिल होगा।

इस वर्ष उत्सव का विशेष आकर्षण दृष्टिबाधित दिव्यांग बालिकाओं की नृत्य प्रस्तुति होगी। पहली बार उद्घाटन समारोह में उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय और सचिव दीपक तोमर ने बताया कि संस्था का उद्देश्य दिव्यांग कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा कला के माध्यम से समानता, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करना है।

आयोजकों ने बताया कि उद्भव उत्सव की शुरुआत ग्वालियर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से हुई थी। अब यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। उत्सव के दौरान नृत्य, संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अलग-अलग देशों की परंपराओं को साझा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी संवाद तथा सद्भाव को बढ़ावा देने का अवसर बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित