भोपाल , अक्टूबर 18 -- ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क दुर्घटना के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लापरवाही के मामले में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) को तत्काल हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
निलंबित किए जाने वालों में तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कराने तथा जांच में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित