ग्वालियर , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब झांसी रोड थाना क्षेत्र में एक वीडियो कोच बस का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की है।

पुलिस के अनुसार बस (क्रमांक एनएल 07 बी-0899) राजस्थान के जयपुर से बागेश्वर धाम (छतरपुर) जा रही थी। बस शनिवार रात करीब 9 बजे जयपुर से रवाना हुई थी। सुबह नाका चंद्रवदनी पर 15 यात्री उतर गए, जिसके बाद बस में 16 यात्री सवार थे।

जैसे ही बस झांसी रोड थाना गेट के सामने पहुंची, अचानक टायर फट गया और बस में आग लग गई। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन बस से धुआं और आग की लपटें निकलते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर भी अपनी जान बचाई।

कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पहले से पाइपलाइन कार्य के चलते सड़क संकरी होने से स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, फिर यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित