ग्वालियर , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश में 48वीं अंतर क्षेत्रीय विद्युत बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन छह से आठ सितंबर तक रीवा में किया गया, जिसमें ग्वालियर क्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार उपविजेता का स्थान हासिल किया।

ग्वालियर क्षेत्र की टीम में उप महाप्रबंधक अजय सिंह तोमर, उप महाप्रबंधक हरिनंदन दोहरे, प्रबंधक आशुतोष प्रजापति, सहायक प्रबंधक सुनील कुमार चौधरी तथा सहायक राजस्व अधिकारी योगेश यादव शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ग्वालियर क्षेत्र के हरिनंदन दोहरे और अजय सिंह तोमर का चयन अखिल भारतीय विद्युत बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में ग्वालियर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्वालियर क्षेत्र की टीम की इस उपलब्धि पर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही अखिल भारतीय विद्युत बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित