जयपुर , फरवरी 25 -- एक बड़ा स्वास्थ्य मेला ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (जीएचडब्लूएफ) 2026 का पांचवा संस्करण इस बार और भी बड़े स्तर पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में 28 फरवरी और एक मार्च को आयोजित किया जायेगा।

फेस्टिवल के संस्थापक हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम ऐतिहासिक बिड़ला ऑडिटोरियम में 28 फरवरी से आयोजित होगा, जो 'लोकल से ग्लोबल' बनेगा। 'लोकल से ग्लोबल' थीम के साथ यह आयोजन जयपुर और राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस (जेएचडब्लू) की अगुवाई में शुरू किया गया यह अभियान हर साल नये आयाम छू रहा है और इस बार का आयोजन भी अब तक का सबसे बड़ा होगा। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से हम स्थानीय चिकित्सकों और अस्पतालों को अंतरराष्ट्रीय मेडिकल स्पेशलिस्ट से साथ जुड़ने का अवसर दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेस्टिवल में सात वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश होगी, जो हेल्थ अवेयरनेस, इंश्योरेंस जागरूकता, वरिष्ठ नागरिक सशक्तिकरण, कॉर्पोरेट हेल्थ ट्रेनिंग, महिलाओं के स्वास्थ्य और बड़े पैमाने पर जनभागीदारी जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे। आयोजन के टाइटल केयर हेल्थ इंश्योरेंस है, जो गौ माया फाउंडेशन के साथ मिलकर इस पहल को समर्थन दे रहा है और प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर डीएसके हेल्थ केयर हैं। इस सीजन में इस साल के मिशन और आउटरीच के लिए कोगता फाइनेंस, जीसीएल, बीसीआई, रेफोर्मेर्स, बीमा जंक्शन और ड्रीम लाइन ग्रुप साथ दे रहे हैं।

फेस्टिवल के सह-संस्थापक भूपेंद्र सिंह, आर.के. व्यास और अजय शर्मा ने कहा कि इस बार दुबई और ऑस्ट्रिया के चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ डिजिटल माध्यम से जुड़कर एडवांस मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लोबल हेल्थ इनोवेशन पर अपने विचार साझा करेंगे। समापन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मिनिषा लाम्बा और प्रसिद्ध कलाकार सुधा चंद्रन मौजूद रहेंगे। लोकगायक रैपरिया बालम और बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर, रवींद्र उपाध्याय की संगीतमय प्रस्तुति कार्यक्रम को यादगार बनाएंगी।

फेस्टिवल में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को 15 हजार मूल्य की हेल्थकेयर बेनिफिट बुकलेट प्रदान की जाएगी, जिससे वे वर्षभर संबद्ध अस्पतालों और हेल्थकेयर सेवाओं में चिकित्सा खर्च पर बचत कर सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, जीएचडब्लूएफ केवल एक आयोजन नहीं बल्कि एक जन आंदोलन है, जिसका उद्देश्य आम नागरिक तक सस्ती और सुलभ प्रिवेंटिव हेल्थकेयर पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित