जयपुर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026' के तहत अहमदाबाद में गुरुवार को इनवेस्टर मीट का आयोजन किया जायेगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसमें कृषि, एग्रीटेक और सहकारिता क्षेत्र में निवेश और साझेदारी की अपार संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल तथा पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी अपने विचार रखेंगे। प्रमुख वक्ताओं में प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल तथा गुजरात सरकार के कृषि, किसान कल्याण एवं सहकारिता विभाग प्रमुख सचिव रमेश चंद मीणा भी अपने विचार साझा करेंगे।

इस दौरान आयोजित होने वाले रोड शो में नीति निर्माता, उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक, स्टार्टअप्स, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र के विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्रित होंगे। आयोजन में निवेशकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स का विशेष सत्र रखा गया है, जिससे संभावित साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त "एनिमल हसबेंड्री, डेयरी और कोऑपरेटिव्स में अवसर एवं निवेश संभावनाएं" विषय पर एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी, जिसमें विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित