हैदराबाद , जुलाई 23 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को कानूनी नोटिस भेजकर ग्लोबअरीना टेक्नोलॉजीज से जुड़े आरोपों पर 48 घंटे के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।

श्री रामा राव ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्लोबअरीना टेक्नोलॉजीज को उनकी बेनामी कंपनी बताकर उनके खिलाफ "झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानि करने वाले" आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका इस कंपनी से किसी भी प्रकार का स्वामित्व, वित्तीय, मालिकाना या अन्य कोई संबंध नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री आरोपों को साबित करने या निर्धारित अवधि के भीतर माफी मांगने में विफल रहते हैं तो वह दीवानी और आपराधिक कार्रवाई के साथ-साथ मानहानि का मुकदमा भी दायर करेंगे।

श्री रामा राव ने आरोपों को झूठा और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए सवाल किया कि यदि कांग्रेस सरकार को लगता है कि ग्लोबअरीना उनकी कंपनी है तो उसने उसके साथ समझौते क्यों किये। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नीट परीक्षा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार से सवाल नहीं कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित