लखनऊ , जून 08 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ग्रेट निकोबार संरक्षण अभियान का समर्थन करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
श्री राय ने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित मेगा परियोजना के विरोध में राहुल गांधी द्वारा उठाया गया मुद्दा देश की प्राकृतिक धरोहर, पर्यावरण और आदिवासी समुदायों की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अभियान को ''ग्रीन ओवर ग्रीड (हरियाली बनाम लालच)'' के रूप में देखती है और पार्टी इसके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग्रेट निकोबार द्वीप पर लगभग 92 हजार करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय ट्रांसशिपमेंट पोर्ट, हवाई अड्डा, पावर प्लांट और पर्यटन टाउनशिप जैसी परियोजनाएं विकसित कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि इससे पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय समुदायों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
श्री राय ने कहा कि राहुल गांधी की हालिया ग्रेट निकोबार यात्रा तथा स्थानीय शोम्पेन और निकोबारी समुदायों से मुलाकात के बाद यह चिंता और गहरी हुई है कि परियोजना के कारण बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई, वर्षा वनों तथा कोरल रीफ्स को नुकसान और स्थानीय समुदायों के विस्थापन की आशंका है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस परियोजना को ''देश की प्राकृतिक और आदिवासी धरोहर के खिलाफ गंभीर मुद्दा'' बताते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने लोगों से अभियान के समर्थन में ऑनलाइन हस्ताक्षर करने की भी अपील की थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में इस मुद्दे पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ब्लॉक स्तर तक पहुंचकर युवाओं, छात्रों, पर्यावरण प्रेमियों तथा आम नागरिकों को अभियान से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास के पक्ष में है, लेकिन पर्यावरण और आदिवासी समुदायों के हितों की अनदेखी कर किए जाने वाले विकास का समर्थन नहीं करती। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल, मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पाण्डेय, प्रो. विनोद चन्द्रा, सुरेन्द्र यादव, प्रो. हिलाल अहमद, प्रियंका गुप्ता, अलीमुल्ला खान, लखनऊ जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह 'बबलू', शहर अध्यक्ष (दक्षिणी) डॉ. शहजाद आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित