ग्रेटर नोएडा पश्चिम , जून 08 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित सुपरटेक इकोविलेज-वन सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी के खिलाफ निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों सोसाइटीवासियों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और फैसिलिटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
सोमवार को प्रदर्शन कर रहे सोसाइटी निवासियों द्वारा प्रदर्शन एवं नारेबाजी के दौरान आरोप लगाते हुए बताया गया कि, बिना उनकी सहमति और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराए मेंटेनेंस चार्ज में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
निवासियों ने कहा कि, सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क 89 पैसे प्रति वर्ग फुट बढ़ा दिया गया है। उनका कहना है कि पहले से ही कई मूलभूत सुविधाओं को लेकर शिकायतें बनी हुई हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रबंधन ने शुल्क बढ़ाकर निवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सोसाइटी परिसर में एकत्र हुए और फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में निवासियों और फैसिलिटी प्रबंधन के बीच बैठक कराई गई, जिसमें दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी। हालांकि बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक बढ़ा हुआ मेंटेनेंस शुल्क वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि सुविधाओं में सुधार और पारदर्शिता के बिना किसी भी प्रकार की शुल्क वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित