ग्रेटर नोएडा , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद लाखों विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर सही कोर्स, कॉलेज और करियर चयन की तैयारी में जुट जाते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में भारत शिक्षा एक्सपो- विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए शिक्षा मार्गदर्शन, करियर काउंसलिंग और अकादमिक अवसरों का बड़ा मंच लेकर आ रहा है।

उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो सेंटर में तीन दिवसीय भारत शिक्षा एक्सपो के आयोजन को लेकर बुधवार को पत्रकार वार्ता में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने बताया कि भारत शिक्षा एक्सपो को विद्यार्थियों के लिए "वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म" के रूप में विकसित किया गया है, जहां उन्हें भारत और विदेशों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों की विश्वसनीय जानकारी मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा जिन्होंने 12वीं की परीक्षा दी है या दे रहे हैं और बेहतर कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं प्रोफेशनल कोर्स की तलाश में हैं। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भी स्ट्रीम चयन और भविष्य की करियर संभावनाओं को लेकर विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

एक्सपो के साथ फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया द्वारा "विश्व गुरु सम्मेलन" का आयोजन भी किया जाएगा। यह सम्मेलन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा में हो रहे बदलाव, नवाचार और भारत की वैश्विक ज्ञान नेतृत्व की दिशा में प्रगति पर केंद्रित रहेगा।

भारत शिक्षा एक्सपो में देश-विदेश के प्रमुख विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल, एडटेक कंपनियां, स्किल डेवलपमेंट संस्थान, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंट्स और शिक्षा सेवा प्रदाता भाग लेंगे। यहां विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट, डिजाइन, लिबरल आर्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और व्यावसायिक शिक्षा जैसे क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी मिलेगी।

आगंतुक विभिन्न संस्थानों की तुलना कर सकेंगे, प्रवेश प्रक्रिया समझ सकेंगे, छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे और उद्योग की मांग के अनुरूप उभरते करियर विकल्पों के बारे में जान सकेंगे। इसके अलावा करियर आकलन गतिविधियां और विशेष काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

एक्सपो का प्रमुख आकर्षण इसका सम्मेलन कार्यक्रम होगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा पैनल चर्चा, मास्टरक्लास, क्विज, क्रिएथॉन, हैकाथॉन, आइडियाथॉन, कोडथॉन और स्पेसटेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह एक्सपो नेशनल एजुकेशन पॉलिसी के 2020 की भावना के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, डिजिटल एकीकरण और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया है।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि सही कोर्स और संस्थान का चयन किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय होता है। भारत शिक्षा एक्सपो विद्यार्थियों और अभिभावकों को ऐसा विश्वसनीय मंच प्रदान करता है, जहां वे सीधे संस्थानों और विशेषज्ञों से संवाद कर आत्मविश्वास के साथ बेहतर निर्णय ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते शिक्षा परिदृश्य और नए करियर विकल्पों के बीच यह एक्सपो विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित