ग्रेटर नोएडा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डेरी मच्छा के पास राजमार्ग पर शनिवार को हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय पुलिस को हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान हिमांशु (21 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य तकनीकी और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। मृतक की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित