ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह दादरी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दो स्कूल बसों की भिडंत हो गयी। हादसे में एक बस में सवार कई स्कूली बच्चे घायल हो गए, जबकि बस चालक की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश बच्चों को उनके परिजन घर ले गए, जबकि एक बच्चा और चालक अभी भी उपचाराधीन हैं।

यह दुर्घटना दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। जीसस मैरी स्कूल बस और रामाज्ञा स्कूल की बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जीसस मैरी स्कूल की बस में लगभग 25 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस खाली थी। हादसे में सात से अधिक बच्चों को चोटें आईं, जिनमें ज्यादातर को मामूली चोट लगी है। हालांकि कुछ बच्चों को सिर में चोट लगने के कारण निगरानी में रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित