ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के कस्बा जहांगीरपुर में बुधवार को करीब 40 वर्षीय इमरान पुत्र शफी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके साथ कथित घटना को अंजाम दिया गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने इमरान को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट एवं फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही घटना के संबंध में आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।

मृतक इमरान कस्बा जहांगीरपुर का निवासी था। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि वह वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में जेल गया था। पुलिस इस पुराने आपराधिक मामले समेत मृतक से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के कारणों और इसके पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित