ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 12 -- श्रमिकों और फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से रविवार को उत्तर प्रदेश ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) सौम्य श्रीवास्तव ने की, जिसमें प्राधिकरण, पुलिस-प्रशासन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्राधिकरण अधिकारी द्वारा आज आयोजित बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, बैठक में एसीईओ सुमित यादव, अपर जिला मजिस्ट्रेट मंगलेश दुबे, पुलिस उपायुक्त प्रवीण रंजन सिंह, विशेष कर्तव्य अधिकारी नवीन कुमार सिंह और प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन, इंडिया इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती और ईकोटेक-12 एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान कारखाना विभाग के नए दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि किसी भी श्रमिक को अनावश्यक रूप से नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा और उसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं होगी। साथ ही प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। यदि रविवार को कार्य कराया जाता है तो उसके लिए भी दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा घोषित वेतन वृद्धि को लागू तिथि से ही प्रभावी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन अनिवार्य किया जाएगा, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी। शिकायत पेटी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
वेतन भुगतान को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सभी श्रमिकों को हर माह की 10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त भुगतान करना होगा और वेतन पर्ची देना अनिवार्य होगा। श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त सिंह ने कहा कि उद्यमियों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। वहीं, एसीईओ श्रीवास्तव ने सभी औद्योगिक संगठनों से सकारात्मक और स्वस्थ कार्य वातावरण बनाए रखने की अपील की।
यह बैठक क्षेत्र में औद्योगिक शांति और श्रमिक हितों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित