ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा स्थित शिव नादर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और ओवरटाइम के बदले दोगुना भुगतान की मांग उठाई।

कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो गया है, वहीं अतिरिक्त काम के बदले उचित पारिश्रमिक भी नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए दादरी थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए रखी और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए कर्मचारियों से बातचीत भी की।

प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता की कोशिशें जारी हैं।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित