ग्रेटर नोएडा , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के विदेशी और प्रतिबंधित नशीले पदार्थ, एक मोटरसाइकिल तथा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है।

पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की जानकारी दी उन्होंने बताया कि,नॉलेजपार्क थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए क्राउन एक्सपो से एक्सपोमार्ट जाने वाले मार्ग पर बनी पुलिया के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, दीपक कुमार, शिवम कुमार और बौबी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 50 ग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम शैंपेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोवर कैलिफोर्निया विड, 144 एमडीएमए ईसीएसटीएएसए गोलियां तथा 63 ग्राम काला हशीश बरामद किया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नशीले पदार्थों की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे विदेशी ड्रग्स को स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल में पढ़ने या रहने वाले छात्रों को 3 से 4 हजार रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर बेचते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क, सप्लायर और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित