ग्रेटर नोएडा , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बीटा-दो थाना पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देकर नगदी हड़पने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,88,700 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गयी कार संख्या यूपी 16 एफआर 9983 बरामद की है।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी और बताया कि,आरोपी ब्लिंकिट स्टोर से डिस्ट्रीब्यूटर वैश्वनी इंटरप्राइजेज के कैश कलेक्शन की रकम बैंक में जमा करने का काम करता था। गत मंगलवार को वह पूर्वांचल रॉयल सिटी से कैश कलेक्शन के 3,88,700 रुपये लेकर अपनी कार से बैंक में जमा करने जा रहा था।
बैंक में रकम जमा करने के बजाय उसकी नीयत बदल गई और उसने पूरी रकम अपने पास रख ली। इसके बाद मामले को छिपाने के लिए आरोपी ने पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी। सूचना के आधार पर बीटा दो थाना में मु0अ0सं0 319/2026, धारा 303(2)/324(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान घटना की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की। जांच में लूट की सूचना संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी पुनीत कुमार वशिष्ठ को आज महानंदन टी-पाइंट के पास, बीटा दो थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से कथित तौर पर हड़पी गई 3,88,700 रुपये की पूरी नकदी तथा घटना में इस्तेमाल कार बरामद की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित