ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा जेवर थाना क्षेत्र के नीमका गांव में बीती रात युवक की हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पुलिस के उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि,घटना की सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कराया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम एवं फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है, जिससे घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
मृतक की पहचान भोले शंकर पुत्र उदय सिंह के रूप में हुई है तथा शव का पुलिस द्वारा पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के कारणों और घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की भी पुष्टि की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया। इसके अलावा पुलिस ने उपलब्ध अन्य साक्ष्यों एवं तथ्यों को भी जांच में शामिल किया है। सीसीटीवी फुटेज, साक्ष्य संकलन और जांच के आधार पर घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य है कि जल्द ही पूरे मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित