ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल बूथ कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह घटना 21 अप्रैल को जेवर टोल प्लाजा के अंतर्गत एक रैप टोल बूथ पर कुछ अज्ञात लोग पहुंचे। वहां तैनात कर्मचारियों के साथ उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से टोल कर्मचारियों में भय का माहौल पैदा हो गया।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक ने 22 अप्रैल को दनकौर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। स्थानीय खुफिया तंत्र (लोकल इंटेलिजेंस) की मदद से पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई। 23 अप्रैल को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों आजाद खान और सलमान को चपरगढ़ टोल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी ग्रेटर नोएडा रबूपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबाई नगर स्थित मैना वाला चौराहा के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी16डीजे3007) को भी बरामद कर जब्त कर लिया। माना जा रहा है कि इसी वाहन का उपयोग कर आरोपी टोल बूथ तक पहुंचे थे।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस ) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
इस घटना ने यमुना एक्सप्रेसवे जैसे व्यस्त मार्ग पर टोल कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित