ग्रेटर नोएडा , जून 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और हत्या के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी एक दिन पहले अपने पड़ोसी की हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे।

पुलिस ने रविवार को बताया कि,बादलपुर थाना पुलिस को स्थानीय खुफिया तंत्र से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम अम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री से आगे अंडरपास के समीप वाहन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिये।

पुलिस ने जब दोनों को रुकने का संकेत दिया तो वे मोटरसाइकिल को तेज गति से भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, तो कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गयी। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई गोलियां चलाई, जो दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गयी।

घायल बदमाशों की पहचान विवेक नागर उर्फ विक्की (27 वर्ष) तथा विशाल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस के अलावा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर प्रवृत्ति के अपराधी हैं। दोनों ने 19 जून को अपने पड़ोसी जीवन किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक की पुत्री की तहरीर के आधार पर बादलपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित