ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित दादरी कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में रविवार को एक मकान की छत की मरम्मत के दौरान अचानक छत गिरने से दो मजदूर दब गये।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में दो मजदूर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, दादरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में एक मकान की छत की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक छत भरभराकर नीचे गिर गई। छत गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही दादरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान दो घायल मजदूरों की पहचान इरफान उर्फ टीटू और हैदर अली के रूप में हुई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने इरफान उर्फ टीटू को मृत घोषित कर दिया। मृतक इरफान पुत्र नन्हे लाल मूल रूप से अलीगढ़ जिले की रियाज कॉलोनी का निवासी था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित