ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद हैं। ताजा मामला एक प्रसिद्ध माता के मंदिर से जुड़ा है, जहां सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने मंदिर से सोने की मूर्ति और तीन किलो से अधिक चांदी के छत्र चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले की सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा, मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं।
चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर करीब तीन किलो से अधिक वजनी चांदी के छत्र और एक कीमती सोने की मूर्ति पर हाथ साफ किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना का वीडियो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच में जुटी हुई है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित