ग्रेटर नोएडा , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने स्थानीय खुफिया और बीट पुलिस की सहायता से मंगलवार को गाजियाबाद के शास्त्री नगर से आरोपी रमेश को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी रमेश (55) पुत्र गोपाल, गाजियाबाद जिले के शास्त्री नगर, कविनगर थाना क्षेत्र का निवासी है और जारचा थाना में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वादी के नाम पर फर्जी रजिस्ट्री तैयार कराई और उसके माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर 27 अप्रैल को जारचा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि रमेश फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना एवं स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से उसके स्थान का पता लगाकर गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी से फर्जी रजिस्ट्री और ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिली है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी रमेश के खिलाफ जारचा थाना में इसी तरह की धोखाधड़ी और फर्जी रजिस्ट्री से जुड़े कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। सभी मामलों में बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित