ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर के दनकौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में गोली मारने की घटना के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम कायदे आजम (23) बताया गया है जो अट्टा फतेहपुर गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया सोमवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कासिम (48), पुत्र नियाज मोहम्मद, को खेत पर काम करते समय गांव के ही युवक कायदे आजम ने गाली-गलौज के बाद देशी तमंचे से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल कासिम को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद दनकौर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। आज तड़के खजूर वाले बाबा अंडरपास के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी कायदे आजम के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित