ग्रेटर नोएडा , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बीटा दो क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना ओमेक्स गोलचक्कर के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि, चैकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया पर रुकने के बजाय दोनों संदिग्ध तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव पुत्र तुलसी, निवासी घटकना (थाना मौदहा, जिला हमीरपुर) हाल पता भंगेल, फेस दो थाना, क्षेत्र के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल और एक लूटी गई सोने की चेन भी बरामद हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और राह चलते लोगों से चैन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता रहा है। 11 अप्रैल को जगत फार्म मार्केट में एक महिला से चेन लूटने की घटना में भी इसकी संलिप्तता पाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित