ग्रेटर नोएडा , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बुधवार को प्रीत विहार कॉलोनी, छपरौला निवासी एक पांच वर्षीय बालक घर के पास खेलते समय अचानक पानी भरे गड्ढे में गिर गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान देव (पांच) पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है, जो नर्सरी कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह कल दोपहर स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खेल रहा था, तभी पास के खाली प्लॉट में बने गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिसमें गंदा पानी भरा हुआ था।
ग्रेटर नोएडा बादलपुर थाना पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में जलभराव और खुले गड्ढों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर समय रहते इन खतरनाक गड्ढों को भर दिया जाता या सुरक्षा के इंतजाम किए जाते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों जैसे दलेलगढ़ और चिपियाना में भी पहले इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन मामलों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था कि जमीन निजी स्वामित्व की है और यह सरकारी तालाब नहीं है।
इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इन खतरनाक गड्ढों और जलभराव की जिम्मेदारी किसकी है। स्थानीय लोग प्रशासन और प्राधिकरण से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, इस मासूम की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित