ग्रेटर नोएडा , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मिल्क धनोरी में सोमवार को पटाखा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल सात लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने के आरोप के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

पुलिस ने घटना के संबंध जानकारी देते हुए बताया कि, गांव मिल्क धनोरी निवासी दिनेश सोमवार को गली से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के उधम पुत्र बलजीत की तरफ से गली में पटाखा फेंके जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर दनकौर थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

इसी बीच घायल उधम सिंह के परिजनों ने प्रथम पक्ष के नवीन पुत्र सुभाष पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। इस आरोप के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल उधम सिंह की हालत खतरे से बाहर है। उसके एक्सरे में शरीर के अंदर कोई बुलेट नहीं पाई गई है। हालांकि, फायरिंग के आरोप को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित