ग्रेटर नोएडा , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा दनकौर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के 10 दोपहिया वाहन तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

बुधवार को ग्रेटर नोएडा अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रेकी करने के बाद एनसीआर और आसपास के जिलों से मौका पाकर दोपहिया वाहन चोरी करते थे और चोरी किए गए वाहनों को जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखते थे।

उन्होंने कहा कि दनकौर थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने सुपरटेक अपकंट्री तिराहे के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभित सिंह पुत्र बुद्धपाल और रामजी उर्फ कपिल पुत्र रामसनेही के रूप में हुई है।

गिरफ्तार आरोपी शातिर तरीके से दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। पहले वाहन और उसके आसपास के क्षेत्र की रेकी की जाती थी। इसके बाद मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लिया जाता था। चोरी के वाहनों को तत्काल अपने पास रखने के बजाय जंगल और झाड़ियों में छिपा दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचाया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से कुल 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में से दो मोटरसाइकिल दनकौर थाना में दर्ज मामलों से संबंधित बताई गई हैं। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/317(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित